Friday, October 23, 2015

प्रस्तावित केन्द्रीय रेल कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल टल गई

तेइस नवंबर से प्रस्तावित केन्द्रीय रेल कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल टल गई है। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन एआईआरएफ सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट देखने के बाद तय करेगी कि आंदोलन करना है या नहीं। विभिन्न मांगो को लेकर केन्द्रीय रेल कर्मचारियों के संगठन एआईआरएफ ने 23 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी। एआईआरएफ के असिस्टेंट सेकेट्री सीएच गांधी ने बताया कि तेइस नवंबर से होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित कर 19 नवंबर को दिल्ली में एक दिन का धरना आयोजित किया जा रहा है। धरना आयोजित करने के पीछे मुख्य वजह एक बार फिर अपनी मांगों को सरकार के सामने रखना है। श्री गांधी ने बताया कि जनवरी में सातवे वेतन आयोग की रिपोर्ट आ जाएगी और इसके एक माह बाद फरवरी में केन्द्रीय बजट में सरकार का रूख भी पता चल जाएगा। एआईआरएफ के असिस्टेंट सेकेट्री सीएच गांधी ने बताया कि सातवें वेतन आयोग द्वारा रेल कर्मचारियों की मांगो पर उचित निर्णय नहीं लिए जाने की स्थिति तथा एआईआरएफ की अन्य मांगों पर सरकार का निर्णय आंदोलन की दिशा और दशा तय करेगी। उन्होंने कहा कि फरवरी में केन्द्रीय बजट आने के बाद एआईआरएफ आखिरी निर्णय लेगी। नवंबर की प्रस्तावित हड़ताल को खारिज किए जाने से इंकार करते हुए श्री गांधी ने कहा कि हड़ताल स्थगित की जा रही है, रद्द नहीं की जा रही है। 

No comments: