Friday, October 30, 2015

नई-दिल्ली से कटड़ा के बीच एसी स्पेशल ट्रेन

दीपावली के मद्देनजर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने नई-दिल्ली से कटड़ा के बीच एसी स्पेशल ट्रेन (04409/04410) चलाने का फैसला लिया है। यह ट्रेन सप्ताह के दो दिन चलेगी। तीन से 17 नवंबर के बीच पांच बार यह ट्रेन कटड़ा से दिल्ली और दिल्ली से कटड़ा के बीच चलेगी।

रेलवे प्रवक्ता के अनुसार, कटड़ा एसी स्पेशल नई दिल्ली से सुबह 07ः50 मिनट पर चलेगी और रात 08:20 मिनट पर कटड़ा पहुंचेगी। सप्ताह में सोमवार तथा गुरुवार को यह ट्रेन दिल्ली से कटड़ा के लिए रवाना होगी। वहीं, कटड़ा से यह ट्रेन हर मंगलवार तथा शुक्रवार को रवाना होगी। सुबह 05:40 परक कटड़ा से रवाना होकर यह ट्रेन शाम पांच बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। ट्रेन में एग्जीक्यूटिव क्लास तथा एसी चेयर कार कोच लगाए गए हैं। ट्रेन दिल्ली से पानीपत, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी तथा ऊधमपुर स्टेशन में रुकेगी।

Wednesday, October 28, 2015

पैर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के गैप में फंस गया

कोटा से आई एक महिला प्लेटफार्म नंबर 4 पर जयपुर जाने के लिए खड़ी ट्रेन (रणथंभौर एक्सप्रेस) में फ्रेश होने के लिए गई, तभी ट्रेन चल दी और महिला हड़बड़ी में उतरने की कोशिश करने लगी। इस दौरान उसका पैर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के गैप में फंस गया। उसे बचाने आया एक युवक भी गैप में फंस गया। लोगों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोका। दोनों को बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में महिला की मौत हो गई।
रेलवे पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह 6 बजे का है। महिला का नाम प्रेमलता रायकवार (42) है। वह देवनगर, पवनपुरी में रहती थी। वह देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थी। वह पिता की बरसी में शामिल होने चार दिन पहले कोटा गई थी। सोमवार की रात को कोटा से बैठी और उज्जैन उतरी। वहां से इंदौर-भोपाल ट्रेन से इंदौर पहुंची थी।
उसकी मदद करने के लिए वहां से गुजर रहा 32 वर्षीय अमरजीत शर्मा नाम का युवक आया। जयराम नगर नंदबाग कॉलोनी निवासी शर्मा के मुताबिक, मैं अपने एक मित्र को जयपुर जाने वाली ट्रेन में बैठाकर लौट रहा था, तभी देखा कि महिला ट्रेन और प्लेटफॉर्म के गैप में फंसी हुई है। मैं उसकी मदद के लिए दौड़ा। मैंने महिला को हाथ दिया। मैं भी ट्रेन और प्लेटफॉर्म के गैप में जा गिरा। शोर सुनकर लोगों ने ट्रेन की चेन पुलिंग की। फिर हम दोनों को निकाला गया। मेरे पैर की उंगली कट गई और पीठ में गंभीर चोट आई है। महिला के पांव का पंजा भी कटा हुआ था।

पुलिस के अनुसार, महिला के दो बेटे ललित और अनिल हैं। ललित रेलवे के पार्सल विभाग में काम करता है। घटना के फौरन बाद ललित पहुंचा, तब तक प्रेमलता जीवित थी। उसे ज्यादा चोट नहीं आई थी। प्रेमलता ने बेटे को पूरी बात बताई। वह हादसे के बाद काफी घबरा गई थी। जब उसे एमवायएच ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। प्रथमदृष्टया मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया जा रहा है। हालांकि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

Monday, October 26, 2015

1500 वसूले, जेब में 500 ही मिले

भोपाल से जबलपुर आ रही इंटरसिटी ट्रेन में यात्री को सीट देने और टिकट बनाने के लिए टीटी वसूली कर रहा था। इस पर कुछ पैसेंजर ने ऐतराज किया, लेकिन वो नहीं माना। एक पैसेंजर ने इसकी शिकायत रेलवे विजिलेंस से कर दी। शनिवार शाम 4 बजे जैसे ही ट्रेन जबलपुर से भोपाल के लिए रवाना हुई विजिलेंस की टीम उस पर सवार हो गई और टीटी पर नजर रखनी शुरू कर दी। जैसे ही टीटी ने पैसेंजर से रुपए लिए, विजिलेंस ने उसे पकड़ लिया। इस पर कई यात्रियों ने विजिलेंस की कार्रवाई को सराहा।
1500 वसूले, जेब में 500 ही मिले
पैसेंजर की शिकायत के मुताबिक टीटी ने कई यात्रियों से तकरीबन 15 सौ रुपए वसूले, लेकिन जब विजिलेंस के अधिकारियों ने उसकी जेब चेक की तो सिर्फ 5 सौ रुपए अतिरिक्त मिले। कई ने बताया कि शेष राशि उसने किसी को दे दी, लेकिन किसको दी, यह जानकारी नहीं लगी। विजिलेंस ने केस बनाकर रिपोर्ट भोपाल मंडल के कमर्शियल कार्यालय को भेज दिया। जानकारी के मुताबिक टीम ने टीटी की इस हरकत को बड़ी गलती माना और मेजर केस बनाया। इस केस में उसकी नौकरी भी जा सकती है।
कीमत से ज्यादा बिना बिल के दे रहा था खाना
पटना से पुणे जा रही ज्ञानगंगा एक्सप्रेस में विजिलेंस ने पेंट्रीकार टीम पर कार्रवाई की। शिकायत मिली थी कि वो पिछले एक माह से यात्रियों को बिना बिल के खाना दे रहा है, वो भी तय कीमत से ज्यादा। पेंट्रीकार के मालिक पर केस कर तकरीबन 20 हजार जुर्माना लगाया और जांच कर मामला सेंट्रल रेलवे को भेज दिया।
50 रुपए ज्यादा मिलने पर कार्रवाई

नरसिंहपुर स्टेशन के टिकट काउंटर पर विजिलेंस ने छापा मारा। यहां एक काउंटर पर तैनात महिला कर्मी के पास कुल राशि में से 50 रुपए अतिरिक्त मिले। राशि कम थी, इसके बाद भी विजिलेंस ने नियम के मुताबिक उस पर माइनर केस दर्ज कर रिपोर्ट जबलपुर कमर्शियल कार्यालय को भेज दी। सजा के तौर पर महिला का एक इंक्रीमेंट रोका जा सकता है। तीनों कार्रवाई विजिलेंस अरुण शर्मा के निर्देशन में वासुदेव सरकार और हेमंत, राकेश तिवारी ने कार्रवाई की।

Friday, October 23, 2015

प्रस्तावित केन्द्रीय रेल कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल टल गई

तेइस नवंबर से प्रस्तावित केन्द्रीय रेल कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल टल गई है। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन एआईआरएफ सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट देखने के बाद तय करेगी कि आंदोलन करना है या नहीं। विभिन्न मांगो को लेकर केन्द्रीय रेल कर्मचारियों के संगठन एआईआरएफ ने 23 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी। एआईआरएफ के असिस्टेंट सेकेट्री सीएच गांधी ने बताया कि तेइस नवंबर से होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित कर 19 नवंबर को दिल्ली में एक दिन का धरना आयोजित किया जा रहा है। धरना आयोजित करने के पीछे मुख्य वजह एक बार फिर अपनी मांगों को सरकार के सामने रखना है। श्री गांधी ने बताया कि जनवरी में सातवे वेतन आयोग की रिपोर्ट आ जाएगी और इसके एक माह बाद फरवरी में केन्द्रीय बजट में सरकार का रूख भी पता चल जाएगा। एआईआरएफ के असिस्टेंट सेकेट्री सीएच गांधी ने बताया कि सातवें वेतन आयोग द्वारा रेल कर्मचारियों की मांगो पर उचित निर्णय नहीं लिए जाने की स्थिति तथा एआईआरएफ की अन्य मांगों पर सरकार का निर्णय आंदोलन की दिशा और दशा तय करेगी। उन्होंने कहा कि फरवरी में केन्द्रीय बजट आने के बाद एआईआरएफ आखिरी निर्णय लेगी। नवंबर की प्रस्तावित हड़ताल को खारिज किए जाने से इंकार करते हुए श्री गांधी ने कहा कि हड़ताल स्थगित की जा रही है, रद्द नहीं की जा रही है। 

Tuesday, October 20, 2015

रेलवे के दो वरिष्ठ अधिकारियों और एक व्यवसायी को गिरफ्तार किया

राजधानी, शताब्दी और अन्य सुपरफास्ट ट्रेनों में बोतल बंद पेयजल की आपूर्ति में भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई ने रेलवे के दो वरिष्ठ अधिकारियों और एक व्यवसायी को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई सूत्रों ने बताया कि घोटाले में वर्ष 1984 बैच के आईआरटीएस अधिकारी संदीप सिलास और वर्ष 1987 बैच के अधिकारी एमएस चालिया तथा आरके एसोसिएट्स के मालिक शरण बिहारी अग्रवाल को शनिवार देर रात गिरफ्तार किया गया। सीबीआई द्वारा बीते शुक्रवार को छापे के दौरान अग्रवाल तथा उनके बेटों अभिषेक तथा राहुल के पास से 27 करोड़ रुपये की नकदी बरामद होने के बाद ये गिरफ्तारियां हुईं।
रेलवे के दोनों अधिकारियों और अग्रवाल को रविवार को अदालत ने एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। सीबीआई प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें सोमवार को फिर पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीबीआई ने 17 अक्टूबर को दोनों अधिकारियों के आवासों पर छापेमारी की थी। इसके बाद दोनों को तुरंत निलंबित कर दिया गया।

सीबीआई ने चालिया, सिलास तथा सात निजी कंपनियों के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया है। ये कंपनियां हैं आरके एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड, सत्यम कैटर्स प्राइवेट लिमिटेड, अंबुज होटल एंड रियल एस्टेट, पीके एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड, सनसाइन प्राइवेट लिमिटेड, बृंदावन फूड प्रोडक्ट और फूड वर्ल्ड।

Thursday, October 15, 2015

धक्का देकर चलती ट्रेन से उतार दिया

राजधानी एक्सपे्रस में सफर कर रहे मामा से मिलने रेलवे स्टेशन पहुंचे युवक को कोच अटेंडर ने धक्का देकर चलती ट्रेन से उतार दिया। युवक ने इसकी लिखित शिकायत टिकट चैकिंग स्टॉफ व उच्चाधिकारियों को की है।
घटना मंगलवार रात 12.20 बजे तरुण पिता स्व. नरेंद्र शर्मा (24) निवासी चौधरी कॉलोनी मंदसौर के साथ हुई। तरुण ने बताया कि ट्रेन संख्या 12952 राजधानी एक्सपे्रस से उसके मामा प्रदीप उपाध्याय दिल्ली से मुंबई जा रहे थे। बी-2 कोच में उनसे मिलने वह रात में मंदसौर से रतलाम आकर अपने दोस्त हर्षद आचार्य के साथ प्लेटफॉर्म पर पहुंचा। रात करीब 12.15 बजे ट्रेन आई। कोच अटेंडर से गेट खुलवाने की बात कही तो उसने दूसरे गेट से आने के लिए कहा। दूसरे गेट से पहुंचने पर मामा से मिलने से रोक दिया। इस दौरान ट्रेन चलने पर धक्का देकर उतार दिया।
रेलमंत्री को की शिकायत
रात में युवक ने टिकट चेकिंग कर्मचारी को शिकायत करने के बाद बुधवार को शर्मा ने रेलमंत्री, रेलवे महाप्रबंधक व मुख्य वाणिज्य प्रबंधक मुंबई को रजिस्टर्ड पोस्ट से व ऑनलाइन शिकायत की।
शिकायत नहीं मिली

राजधानी एक्सपे्रस में युवक के साथ अटेंडर द्वारा धक्का देने की कोई शिकायत नहीं मिली है। -श्यामबाबू शर्मा, प्रभारी जीआरपी थाना रतलाम

Monday, October 12, 2015

रविवार को 75 ट्रेने प्रभावित

रविवार को पांचवें दिन भी फिरोजपुर रेल मंडल के दो रेल खंडों (जालंधर-अमृतसर व फिरोजपुर-लुधियाना) में किसानों का संघर्ष लगातार जारी रहा। इससे आंदोलनकारियों के आगे बेबस दिखाई दे रहे रेल प्रशासन ने 29 ट्रेनों को रद करने सहित 18 ट्रेनों के रूट में बदलाव व 28 ट्रेनों को आंशिक तौर पर रद करने का फैसला किया। कुल मिलाकर रविवार को 75 ट्रेने प्रभावित हुई।
नरमे की बर्बाद हुई फसल के मुआवजे व बासमती का भाव बढ़ाने की मांग को लेकर पांच दिनों से रेलवे ट्रैक पर जमे किसानों को देखते हुए अब तक 292 ट्रेनें प्रभावित हुई है। इनमें से एहतियातन 157 ट्रेनों (एक्सप्रेस, मेल व पैसेंजर) को रद किया जा चुका है, जबकि 76 ट्रेनों के रूट में बदलाव करने के साथ ही शेष ट्रेनों को आंशिक तौर पर रद किया गया है। ट्रेनों के प्रभावित होने से लाखों यात्रियों को जहां परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर रेलवे को भी प्रतिदिन करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है।
रविवार को रद होने वाली अप-डाउन 17 मेल व एक्सप्रेस गाड़ियां
·         14506- नंगलडैम-अमृतसर एक्सप्रेस
·         12459- नई दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस
·         14681- नई दिल्ली-जालंधर सिटी एक्सप्रेस
·         14629- लुधियाना-फिरोजपुर एक्सप्रेस
·         12411- चंडीगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस
·         12241- चंडीगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस
·         12497- नई दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस
·         14505- अमृतसर-नंगलडैम एक्सप्रेस
·         12460- अमृतसर-नई दिल्ली एक्सप्रेस
·         14682- जालंधर सिटी-नई दिल्ली एक्सप्रेस
·         12498- अमृतसर-नई दिल्ली एक्सप्रेस
·         14632- अमृतसर-देहरादून एक्सप्रेस
·         12412- अमृतसर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस
·         14626- फिरोजपुर-दिल्ली एक्सप्रेस
·         12242- अमृतसर-चंडीगढ़-दुरांतो एक्सप्रेस
·         14612- अमृतसर-गोरखपुर एक्सप्रेस

·         14611- गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस