Wednesday, June 8, 2011

'मिलिए रेल मंत्री से'।

आगामी 10 जून को मुंबई वासियों को एक ऐसा मौका नसीब होने जा रहा है जिसमें मुंबई शहर के लोकल यात्री यात्रा के दौरान पेश आने वाली समस्याओं को सीधे रेल मंत्री तक पहुंचा सकेंगे। रेल राज्य मंत्री के. एच. मुनियप्पा इस दिन बोरिवली के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर अपराह्न तीन बजे यात्रियों का दु:ख-दर्द सुनेंगे और चूंकि उनके साथ मध्य और पश्चिम रेल के वरिष्ठ अधिकारी होंगे सो उन्हें संबंधित कदम उठाने का दिशा-निर्देश देंगे। उत्तर मुंबई के सांसद संजय निरूपम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को नाम दिया गया है 'मिलिए रेल मंत्री से'। बताया जा रहा है कि यह पहली दफा है जब कोई रेलमंत्री पहली दफा सीधे यात्रियों से रू-ब-रू होगा। निरूपम ने बताया कि आज पूरे देश में से हर दूसरा रेल यात्री मुंबई से होता है और यह कितने दुर्भाग्य की बात है कि इस शहर के रेलयात्रियों को ही सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए हमने कोशिश ये की है क्यों न उनकी समस्याओं को सीधे रेलमंत्री तक पहुंचाया जाय। उन्होंने कहा कि रेलयात्री चाहें तो अपना सवाल सीधे पूछ सकते हैं या फिर अपना प्रश्न लिखकर दे सकते हैं। निरूपम ने बताया कि इस कार्यक्रम में कुछ बुनियादी समस्याओं पर रेलमंत्री का ध्यानाकर्षण किया जाएगा। मसलन, प्लेटफॉर्मों पर महिला यात्रियों के लिए टॉयलेट न होना, मालाड और कांदिवली से पीक ऑवर में लोकल ट्रेनों का छोड़ा जाना, महत्वपूर्ण स्टेशनों पर एफओबी न होना, स्टेशनों पर साफ-सफाई न होना आदि। निरूपम के इस कार्यक्रम का स्वागत करते हुए मध्य रेल के डीआरयूसीसी मेंबर और रेल कार्यकर्ता राजीव सिंगल ने स्वागत करते हुए कहा है कि रेलवे को कंट्रोल करने वाला ऑफिस सुदूर दिल्ली में अत: ऐसे में जब रेलमंत्री खुद आकर सीधे यात्रियों से मिलेंगे तो उम्मीद की जानी चाहिए कि रेल अफसरों के कान पर कुछ तो जूं रेंगेगी। इस तरह की पहल से रेल यात्रियों के जेहन में आत्मविश्वास भी पैदा होगा।

No comments: