दिल्ली-पलवल रेल मार्ग पर बुधवार को राजधानी की चपेट में आकर दो बच्चियों समेत एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा न्यू टाउन स्टेशन पर हुआ। मूल रूप से बिहार के रहने वाले यह परिवार हरिद्वार के कुंभ मेले में स्नान करने जा रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही सभी आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि रेलवे का कहना है कि हादसे में रेलवे की कोई चूक नहीं है। सभी लोग ट्रैक पर थे। हादसा बुधवार सुबह 11:29 बजे हुआ। नई दिल्ली की तरफ से त्रिवेंद्रम जाने वाली 2432 राजधानी गुजर रही थी। उसी दौरान एक बच्ची को बचाने की कोशिश में यह सभी लोग ट्रैक पर आ गए और राजधानी ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जीआरपी ने सभी की पहचान कर ली है। इस परिवार के छह लोग हरिद्वार जाने के लिए निकले थे। इनमें से सिर्फ एक कलिका (65) बचे हैं। उन्होंने बताया कि वह बिहार से अपने बेटे वीरेंद्र से मिलने आए थे। हरिद्वार की ट्रेन पकड़ने के लिए वह न्यू टाउन स्टेशन पहुंच रहे थे। प्लैटफॉर्म नंबर एक पर चढ़ते समय अचानक उनकी पोती पूजा(12) ट्रैक पर गिर पड़ी। उसे बचाने के लिए सभी लोग ट्रैक पर पहुंच गए और तभी ट्रेन आ गई। कलिका के तीन लड़के हैं। हादसा इतना भयावह था कि शवों के चिथडे़ और मांस के लोथडे़ करीब एक किलोमीटर तक के क्षेत्र में फैले हुए थे। जीआरपी को शवों को इकट्ठा करने में काफी समय लग गया। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर उमड़ आई भीड़ ने पुलिसकर्मियों की परेशानियां और बढ़ा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि चंद सेकंड पहले दिल्ली की तरफ जाने के लिए एक लोकल क्रॉस हुई थी। जिस पर इस परिवार का ध्यान केंद्रित था। लोकल जाने के बाद यह परिवार ट्रैक पार कर प्लैटफॉर्म एक पर पहुंचने लगा। उसी दौरान बच्ची पीछे छूट गई। तभी बच्ची की दादी की नजर पोती पर पड़ी। उस दौरान राजधानी बेहद करीब पहुंच चुकी थी। बिना समझे परिवार के सभी लोग बच्ची को बचाने के लिए ट्रैक पर आ गए। उस दौरान एक बच्ची मां की गोदी में थी।
दूसरा हादसा भी कम भयावह नहीं दूसरा हादसा असावटी स्टेशन के निकट का है। जीआरपी के अनुसार एक व्यक्ति की ओएचई की तारों से झुलस कर गया। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 साल के बीच बताई जा रही है। यह व्यक्ति असावटी से किसी ट्रेन के ऊपर चढ़ गया। जहां से यह ओएचई की चपेट में आकर पूरी तरह झुलस गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएचओ जीआरपी मौके पर पहुंचे। हालांकि तभी उन्हें न्यू टाउन के हादसे का पता चला और इस मामले की जांच उन्होंने महराम को सौंपकर खुद न्यू टाउन के लिए रवाना हुए। जांच अधिकारी महराम ने बताया कि व्यक्ति की कमीज पूरी तरह जल चुकी है। बस एक टुकड़ा मिला है जो सफेद रंग का है। व्यक्ति से उलटी कमीज पहन रखी है जिससे उसकी मानसिक स्थति ठीक न होने का अनुमान भी लगाया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment