Monday, February 14, 2011

मार्च माह में कुर्ला-ठाणे छठे रेलवे लाइन का काम पूरा हो जाएगा

आगामी मार्च माह में कुर्ला-ठाणे छठे रेलवे लाइन का काम पूरा हो जाएगा और उन पर रेलगाडि़यां दौड़ने लगेंगी। इससे मुंबई में मध्य रेलवे के उपनगरीय यात्रियों को बहुत राहत मिलेगी। पांचवें और छठे रेलवे ट्रैक पर अन्य बिजली के तारों जैसा ही अधिक वोल्टेज वाला विद्युत प्रवाह होने के कारण लोकल यात्रियों को सावधानी बरतनी पड़ेगी। 15 साल से चल रहे इस काम को गत दो वषोर्ं से गति मिली है। दौड़ेंगी लोकल और मेल बिना रुकावट: गत कुछ वर्षों से कुर्ला टर्मिनस से बाहर गांव की लंबी दूरी वाली रेलगाडि़यां छूटती हैं और टमिर्नस होने के कारण वहीं आकर रुकती भी होती हैं। इसलिए मध्य रेलवे की तेज लोकल विद्या विहार के पास आकर या खड़ी रहती हैं या फिर तेज लोकल मंद गति से आगे जा पाती हैं। कई बार लोकल को निकालने के लिए बाहर गांव वाली रेलगाडि़यों को भी विद्याविहार के पास लंबे समय तक रुकना पड़ता है और बिना किसी कारण कुर्ला टमिर्नस तक पहुंचने में घंटों लेट हो जाती हैं। फरवरी के अंत तक मेल ट्रेन चलेगी: मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि कुछ समय तक दोनों नए ट्रैक पर लोकल रेलगाडि़यां ट्रायल के लिए चलाई जाएंगी। फिलहाल विक्रोली के पास काम करीब-करीब पूरा हो चुका है। मार्च माह में दोनों नए ट्रैक पर रेलगाडि़यां दौड़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और लगता है कि फरवरी माह के अंत में ही काम पूरा हो जाएगा और इन ट्रैकों पर मेल गाडि़यां दौड़ने लगेंगी। बढ़ जाएगी विक्रोली वासियों की परेशानी: अलबत्ता इससे विक्रोली वासियों की परेशानी बढ़ जाएगी। कारण साफ है विक्रोली क्रासिंग पर फुट ओवर ब्रिज नहीं है और मजबूरन लोगों को रोजाना जान हथेली पर रखकर रेलवे लाइन पार करनी पड़ेगी। फुट ओवर ब्रिज की मांग लेकर विक्रोली वासियों ने आंदोलन भी किया था। पहले ही बेचारे 4-4 रेलवे लाइनें पार कर रहे हैं अब दो और यानि 6 रेलवे लाइन पार करनी पड़ेंगी। 15 साल का समय क्यों लगा: पांचवें और छठे ट्रैक को बनाने के लिए विक्रोली, कांजुरमार्ग के बीच चौथे ट्रैक के पास रहने वाले लोगों के पुनर्वास, विद्याविहार की इमारतों में रहने वाले लोगों का पुनर्वास सबसे बड़े चुनौती बनकर सामने आए थे। कई साल इसी प्रक्रिया में गुजर गए। स्टेशन के पूर्व में बनी चार इमारतों के पुनर्वास ने बहुत समय खाया। इससे काम में देरी होने के साथ ही योजना का खर्च भी बढ़ता गया।

Tuesday, February 8, 2011

आनंद विहार रेल टर्मिनल पर मंगलवार से तीन और ट्रेनों को शिफ्ट कर दिया जाएगा।

करीब एक साल पहले तैयार किए गए आनंद विहार रेल टर्मिनल पर मंगलवार से तीन और ट्रेनों को शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद यहां से चलने वाली ट्रेनों की संख्या 12 हो जाएगी। मगध एक्सप्रेस को भी आनंद विहार शिफ्ट करने का फैसला ले लिया गया है लेकिन अभी उसकी तारीख का ऐलान नहीं किया है। जिन तीन ट्रेनों को मंगलवार से आनंद विहार शिफ्ट किया जा रहा है, उनकी शिफ्टिंग का ऐलान लगभग दो महीने पहले ही कर दिया गया था लेकिन ट्रेनें अब शिफ्ट की जा रही हैं। शिफ्ट होने वाली ट्रेनों में से एक अब तक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से और बाकी दो हजरत निजामुद्दीन से चल रही थीं। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि शिफ्ट होने वाली ट्रेनों में से नई दिल्ली और गुवाहाटी के बीच चलने वाली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार को जब गुवाहाटी से जब दिल्ली आएगी तो वह नई दिल्ली की बजाय आनंद विहार में ही टर्मिनेट हो जाएगी और बुधवार को वापस यहीं से जाएगी। इसी तरह मंगलवार को जो गरीब रथ राजेंद्र नगर (पटना) से दिल्ली आएगी, वह हजरत निजामुद्दीन की बजाय आनंद विहार में ही टर्मिनेट हो जाएगी बुधवार को यहीं से चलेगी। आनंद विहार शिफ्ट होने वाली तीसरी ट्रेन हजरत निजामुद्दीन-जय नगर (बिहार) गरीब रथ है। सप्ताह में दो दिन चलने वाली यह ट्रेन मंगलवार को आनंद विहार से ही रवाना होगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि एक और महत्वपूर्ण ट्रेन मगध एक्सप्रेस भी आनंद विहार शिफ्ट की जानी है। पिछले साल ही इसे आनंद विहार शिफ्ट करने का ऐलान कर दिया गया था लेकिन अभी शिफ्ट होने की तारीख की घोषणा नहीं हुई है। दिसंबर 2009 में आनंद विहार रेल टर्मिनल का उद्घाटन किया गया था। उसके बाद से अब तक नौ जोड़ी ट्रेनों को इस रेल टर्मिनल पर शिफ्ट किया गया था। अब तीन जोड़ी और ट्रेनें यहां शिफ्ट की जा रही हैं। अभी यहां तीन प्लैटफॉर्म ही हैं लेकिन जल्द ही दो और मेंटिनेंस लाइनें भी यहां जुड़ जाएंगी। जिससे यहां और ट्रेनों को शिफ्ट किया जा सकेगा। इसके अलावा यहां कुछ और सुविधाएं भी जल्द ही जुटाई जाएंगी।

Thursday, February 3, 2011

चलती ट्रेन में 23 वर्षीय एक युवती का रेप किया गया और उसे ट्रेन से फेंक दिया गया।

केरल के त्रिचूर जिले में दिल दहला देने वाली एक घटना में चलती ट्रेन में 23 वर्षीय एक युवती का रेप किया गया और उसे ट्रेन से फेंक दिया गया। युवती गंभीर रूप से जख्मी है। पुलिस के अनुसार एर्नाकुलम-शोरनुर पैसेंजर ट्रेन के गार्ड ने रेलवे पुलिस को बताया कि मंगलवार रात एक महिला चलती ट्रेन से गिर गई, जिसके बाद तलाशी शुरू की गई। उसे वल्लाथोलनगर और शोरनुर स्टेशनों के बीच ट्रेन की पटरी पर घायल हालत में साढ़े़ नौ बजे पाया गया। महिला को तुरंत राजस्व मंत्री केपी राजेंद्रन के पुलिस काफिले के एक वाहन से त्रिचूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. वीके मोहनन ने बताया कि महिला के साथ रेप किया गया है और उसकी हालत बहुत नाजुक है। उसके सिर में गहरी चोट लगी है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। मोहनन ने बताया कि ज्यादातर जख्म चेहरे और हाथ पर हैं और इसकी वजह यह हो सकती है उसे चलती ट्रेन से फेंक दिया गया। दरअसल जब कोई चलती ट्रेन से कूदता है तो उसके पैरों में चोट आती है। पुलिस के अनुसार वल्लाथोलनगर से ट्रेन से चलने के बाद उसके लगभग खाली पड़े महिला डिब्बे में एक व्यक्ति घुस आया। पुलिस इस बात की भी तहकीकात कर रही है कि वह कूद गई या उस व्यक्ति ने उसे ट्रेन से धक्का दे दिया। यह महिला कोच्चि में एक निजी कंपनी में नौकरी करती है और वह शोरनुर के समीप मांजकड में अपने घर लौट रही थी। वह शादी के एक प्रस्ताव के सिलसिले में घर आ रही थी।

मराठी उम्मीदवारों को नौकरी दिलाने के लिए कमर कस ली

एमएनएस ने रेलवे में मराठी उम्मीदवारों को नौकरी दिलाने के लिए कमर कस ली है। रेल भर्ती के मुद्दे
पर मनसे द्वारा पहली बार रचनात्मक कदम उठाया गया है। आगामी 15 फरवरी को रेलवे में नौकरी के लिए परीक्षा है। इसमें महाराष्ट्र के ज्यादा से ज्यादा युवकों और युवतियों को हिस्सा लेने के लिए प्रवृत्त करने के मकसद से राज ठाकरे ने एक मुहिम चलाई है। एमएनएस पदाधिकारियों की मंगलवार को संपन्न हुई बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा और अर्जी के बारे में इच्छुकों को मार्गदर्शन करने के लिए मौके की जगहों पर होर्डिंग्ज लगाए जाएं। राज ने आठ फरवरी तक होर्डिंग्ज लगाने और मार्गदर्शक बुक वितरित किए जाने का निर्देश दिया। बैठक में राज ने बताया कि रेलवे में मराठी लोगों को नौकरी दिलाने के लिए मनसे संघर्ष कर रही हैं। यह देखा गया है कि मराठी युवकों को नौकरियों और भर्ती की प्रक्रिया के बारे में जानकारी नहीं होती। उन्होंने पदाधिकारियों से यह जानकारी पहुंचाने के बारे में एक्टिव रहने की अपील की ताकि रेलवे में मराठी कर्मियों का प्रतिशत बढ़े। रेलवे में नौकरी के लिए इच्छुकों को मार्गदर्शन करने के लिए राज ने जो बुक बनवाई हैं, उसमें अर्जी भरने, सबमिट करने, आवश्यक कागजात जुटाने के बारे में जानकारी दी गई है। मनसे द्वारा इस तरह की उपयुक्त और रचनात्मक कार्रवाई पहली बार की जा रही है। इन नौकरियों के लिए वह उग्र आंदोलन कर चुकी है।

Tuesday, February 1, 2011

सिग्नल में खराबी आने से पैसेंजरों को परेशानी

दिल्ली मेट्रो की द्वारका लाइन पर मंगलवार को सिग्नल में खराबी आने से पैसेंजरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, मेट्रो का दावा है कि इस तकनीकी खराबी को 9 मिनट के भीतर ही दुरुस्त कर दिया गया लेकिन तब तक ट्रेनें एक के बाद एक रुक चुकी थीं। स्थिति सामान्य होने में आधे घंटे से भी ज्यादा का वक्त लगा। यह खराबी सुबह 8:29 बजे हुई। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रवक्ता का कहना है कि राजौरी गार्डन और द्वारका सेक्टर 21 के बीच सिग्नल सिस्टम को पावर सप्लाई करने वाला यूपीएस सिस्टम में खराबी आ गई, इससे सिग्नल सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया और ट्रेनें थम गईं। मेट्रो का दावा है कि खराबी को 8.38 मिनट पर ही दुरुस्त कर दिया गया लेकिन तब तक द्वारका से आनंद विहार/नोएडा लाइन पर ट्रेनें एक के बाद एक रुक चुकी थीं। पीक टाइम होने से कुछ स्टेशनों पर पैसेंजरों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई जगह पैसेंजरों को 20-20 मिनट तक एक ही जगह पर रुकना पड़ा। लगभग आधे घंटे बाद ही जब सभी ट्रेनें चलने लगीं, तब स्थिति सामान्य हुई।

Monday, January 31, 2011

आज भी बड़े-बड़े लोगों को शहर की लाइफलाइन लोकल ट्रेन की ही याद आती है।

भागमभाग का वक्त हो तो आज भी बड़े-बड़े लोगों को शहर की लाइफलाइन लोकल ट्रेन की ही याद आती है। यकीन नहीं आता हो तो मनसे प्रमुख राज ठाकरे से सबक लीजिए जब उन्हें सोमवार को डोंबिवली से दादर तक की यात्रा लोकल में करनी पड़ी। जी हां, समय बचाने के लिए डोंबिवली महानगरपालिका का दौरा करने गए राज ठाकरे ने डोंबिवली जिमखाना में अपने नगर सेवकों से मुलाकात की और वापस फास्ट लोकल से लौटे। वहां उन्होंने नगरसेवकों और एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा की और सबके कामकाज की समीक्षा भी की। राज ठाकरे सोमवार को डोंबिवली स्टेशन पर लगभग 25 मिनट रहे और वहां से उन्होंने 2.40 की लोकल से दादर स्टेशन के लिए प्रस्थान किया। इसके लिए मनसे कार्यकर्ताओं ने उनकी यात्रा के लिए प्रथम श्रेणी के 50 टिकटों की व्यवस्था भी की थी। मनसे कार्यकर्ता प्रथम श्रेणी के डिब्बे की खिड़की के पास की सीट पर कल्याण से ही कब्जा जमाए बैठे थे, ताकि उनके नेता राज ठाकरे खिड़की के पास बैठकर यात्रा कर सकें। उनके साथ ट्रेन में यात्रा कर रहे टाइम्स ग्रुप के पत्रकारों से प्रश्नोत्तर के दौरान उन्होंने कहा कि वे राहुल गांधी की नकल नहीं कर रहे हैं। राहुल गांधी ने तो एटीएम से पैसा निकाल कर टिकट खरीदा था और यात्रा की थी। मनसे कार्यकर्ता उनकी आगामी 5 फरवरी की कल्याण यात्रा के कार्यक्रम में आज से ही जुट गए हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज ठाकरे ने कहा कि मैं लगभग 25 वर्षों बाद लोकल ट्रेन से यात्रा कर रहा हूं।

मेट्रो दो फेज पूरे करके दिल्ली की जिंदगी का अहम हिस्सा

मेट्रो दो फेज पूरे करके दिल्ली की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है। राजधानी की पब्लिक ट्रांसपोर्ट की समस्या से काफी तक हद तक निपटने के अलावा मेट्रो ने दिल्ली को क्या-क्या नहीं दिया - वर्क कल्चर सिखाया, वक्त की नजाकत बताई, लाइफ स्टाइल बदली, यूथ की सवारी बनी, दिल्ली को ग्रेटर दिल्ली बनाने के लिए एनसीआर की दूरियां कम कीं, इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और रीयल एस्टेट को असली कीमत दिखाई। सिर्फ आठ साल में मेट्रो ने दिल्ली के दिल में एक खास मुकाम हासिल कर लिया है। ऐसा मुकाम जिसके बिना अब दिल्ली की कल्पना भी नहीं की जा सकती। मेट्रो अपने पांच रंग बिखेर चुकी है - लाल, पीला, नीला, हरा, जामुनी। ऑरेंज कलर एयरपोर्ट लाइन के चालू होते ही अस्तित्व में आ जाएगा। इन छह लाइनों से दिल्ली के 16 लाख पैसेंजर रोजाना 195 किमी. का सफर तय कर सकते हैं। यकीनन मेट्रो के बिना दिल्ली बेरंग ही हो जाती। अब मेट्रो के तीसरे फेज की तैयारी है। नई लाइनों का खाका तैयार हो रहा है और इन लाइनों पर सर्वे भी कराए गए हैं। कुछ प्रस्तावित लाइनों पर सहमति बनती दिखाई दे रही है जिनमें मुकुंदपुर-राजौरी गार्डन, धौलाकुआं-आनंद विहार, नोएडा-संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर, केंदीय सचिवालय-कश्मीरी गेट और आनंद विहार-मुकुंदपुर लाइनें शामिल हैं। मगर, लाइनों का यह सिलसिला यही खत्म नहीं हो जाता। मेट्रो ने दिल्ली को जो दिया है, उसे देखते हुए हर दिल्ली वाला चाहता है कि मेट्रो उसके घर के पास जरूर पहुंचे। एनसीआर के सभी इलाके दिल्ली के हर कोने से जुड़ना चाहते हैं। चूंकि तीसरे फेज की तैयारी चल रही है तो ऐसे में यह मांग रखना जायज भी माना जा रहा है। एमपी, एमएलए और आरडब्ल्यूए अपने-अपने ज्ञापन बनाकर सरकार को भेज रहे हैं। मेट्रो की उपलब्धियों और सहूलियतों के कारण सभी की इच्छाएं और आशाएं बहुत ज्यादा बढ़ गई हैं। सचाई यह है कि तीसरे और यहां तक कि चौथे फेज को भी मिला लें तो भी सभी की इच्छाओं की पूर्ति कर पाना संभव नहीं है। हर सड़क के किनारे तो मेट्रो को नहीं दौड़ाया जा सकता। वास्तव में मेट्रो मास रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम का एक अहम हिस्सा है। इस सिस्टम के और भी हिस्से होते हैं। अगर मेट्रो 16 लाख लोगों को इधर से उधर पहुंचा रही है तो उनमें से बहुत-से लोगों को मंजिल तक पहुंचाना इन हिस्सों की जिम्मेदारी होती है। दिल्ली की सबसे बड़ी परेशानी यही है कि यहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट में मेट्रो के अलावा कुछ भी दिखाई नहीं देता। मेट्रो के साथ डीटीसी के तालमेल की बातें तो बार-बार होती हैं लेकिन कभी सिरे नहीं चढ़तीं। कॉमन टिकट तक नहीं बन पा रहा। ऐसे कई इलाके हैं जिनके आसपास दो-चार किमी. से मेट्रो गुजरती है लेकिन मेट्रो उनके लिए दूर है। शालीमार बाग और अशोक विहार के आसपास दो मेट्रो हैं। प्रीत विहार और वेलकम के बीच मुश्किल से 3 किमी. की दूरी है लेकिन दोनों रूट आपस में नहीं जुड़ते। यही वजह है कि यमुना विहार हो या नजफगढ़, सभी अपने लिए अलग मेट्रो की मांग कर रहे हैं। डीटीसी इस गैप को भरने में पूरी तरह असफल रही है। उसके रूट या किराया इस तरह डिजाइन ही नहीं किए गए कि लोगों को अलग से मेट्रो की मांग न करनी पड़े। अगर डीटीसी की बसें मौजूद हैं तो उसका किराया और फिर मेट्रो का किराया आम जनता की कमर तोड़ देता है। मेट्रो ने इस गैप को भरने के लिए फीडर सर्विस शुरू की। 120 बसें दौड़ भी रही हैं मगर वे अपर्याप्त हैं। मेट्रो को सफलता से चलाने वाले फीडर सर्विस के लिए ऑपरेटर ही नहीं ढूंढ पा रहे। काफी समय तक तो सर्विस बंद ही करनी पड़ी। तीसरे फेज में मेट्रो के रूटों के बारे में अंतिम फैसला करने के साथ-साथ दिल्ली सरकार को पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के शेष हिस्सों को भी संयोजित करना जरूरी है। मेट्रो तो दिल्ली की लाइफ लाइन बन रही है लेकिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट के बाकी हिस्से चाहे वे बसें हों या ऑटो, दम निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ते।