Friday, May 30, 2014

ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर (टीटीई) ने एक महिला को एसी डिब्बे से धक्का देकर गिरा दिया

नशे में धुत रेलवे के एक ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर (टीटीई) ने एक महिला को एसी डिब्बे से धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसकी कुचलकर मौत हो गई। महिला के भतीजे राहुल पुरोहित ने सरकारी रेलवे पुलिस में कंप्लेंट दर्ज कराई है कि उज्ज्वला पांडे (38) जनरल टिकट लेकर एलटीटी-राजेंद्रनगर पटना एक्सप्रेस के एसी डिब्बे में चढ़ने की कोशिश कर रही थी, लेकिन टीटीई संपत सालूंखे ने उन्हें रोक दिया। 
राहुल के अनुसार यहां से जब ट्रेन चलने लगी, तब उन्हें (उज्ज्वला को) लगा कि ट्रेन कहीं छूट न जाए और एक बार फिर उन्होंने अपने दस साल के बच्चे के साथ एसी डिब्बे में चढ़ने की कोशिश की। लेकिन सालूंखे ने उन्हें कथित रूप से धक्का दे दिया। उज्ज्वला अपना संतुलन खो बैठी, जिससे डिब्बे और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। ट्रेन ने उन्हें कुचल दिया। राहुल के मुताबिक वह अपनी बुआ को स्टेशन छोड़ने आया था, जो खंडवा जा रही थी। उसके अनुसार टीटीई शराब के नशे में था। यात्रियों के गुस्से के डर से सालूंखे पहले पैंटरी कार में छिप गया, लेकिन लोगों और राहुल ने उसे बाहर खींचकर जीआरपी थाने के हवाले कर दिया। उसे आईपीसी की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत अरेस्ट किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Tuesday, May 27, 2014

चिल्लाए आतंकियों ने हमला कर दिया है

समय सुबह 11 बजे, स्थान गाजियाबाद रेलवे स्टेशन रेलवे स्टेशन, प्लैटफॉर्म नंबर: 3....सब कुछ सामान्य चल रहा था। रेलवे स्टेशन पर कई यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। कुछ इधर उधर टहल रहे थे। इसी दौरान कुछ पुलिसकर्मी हाथों में हथियार लेकर दौड़ते हुए आए और चिल्लाए आतंकियों ने हमला कर दिया है.........। यह सुनते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई और प्लैटफार्म पर काम करने वाले वेंडर सहम गए। लोग इधर उधर भागने लगे। इस बीच बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने पूरे स्टेशन और प्लैटफार्म को घेर लिया। कुछ पुलिसकर्मिंयों ने पोजिशन भी ले ली, कुछ ने फायरिंग भी की। इस बीच पुलिसकर्मियों ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद भी करीब 1 घंटे तक पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और वहां खड़े यात्रियों और भिखारियों तक की तलाशी ली। जब वहा आतंकी नहीं मिले तो एसएचओ जीआरपी अशोक राणा ने ऑपरेशन सर्च समाप्त करने की घोषणा कर दी। बाद में बताया गया कि यह मॉक ड्रिल थी। इसमें देखा गया कि अगर आतंकी हमला करते हैं तो मुसाफिरों को कैसे बचाया जाएगा। 
दिल्ली रेलवे हेडक्वॉटर्र में लश्कर-ए-तैयबा के नाम से एक लेटर मिला है। इसमें गाजियाबाद समेत यूपी के कई जिलों के रेलवे स्टेशनों को उड़ाने और प्राचीन सिद्धपीठ दुद्येश्वरनाथ मंदिर समेत कई मंदिरों पर हमले की धमकी दी गई है। इसके साथ ही सतर्कता बढ़ा दी गई है। मंदिर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसएचओ रेलवे अशोक राणा ने बताया कि पूरे स्टेशन पर नजर रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। इसके लिए सिविल पुलिस से भी कोऑर्डिनेशन किया गया हैं। 

Friday, May 23, 2014

खासतौर से वेस्टर्न रेलवे-पिछले कुछ समय मुंबई की लोकल समय पाबंदी में पिछड़ रही है

इस शहर के लिए वक्त बड़ा कीमती है। शायद वक्त की पाबंदी ने ही मुंबई को मुंबई बनाया है। ये बात भी हम सब जानते हैं कि मुंबईकर अपनी घड़ियां लोकल के टाइम टेबल से मिलाते हैं। पिछले कुछ समय से शहर में ट्रैफिक का बोझ बढ़ने से मुंबई की लोकल समय पाबंदी में पिछड़ रही है, खासतौर से वेस्टर्न रेलवे। वैसे एक जमाने में वेस्टर्न रेलवे की सबर्बन लोकल को इंडियन रेलवे की सबसे पाबंद सर्विस माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इस नेटवर्क पर ट्रैफिक बढ़ने से इंडिकेटर का टाइम लोकल के टाइम से मैच नहीं हो रहा है। वेस्टर्न रेलवे की मानें, तो सितंबर 2014 तक वेस्टर्न रेलवे पर होने वाले तीन बड़े काम के बाद गाड़ी पटरी पर लौट आएगी। 
विरार से चर्चगेट की तरफ जाने वाले लोकल ट्रेनों को कई बार बोरिवली स्टेशन के प्लैटफॉर्म के बाहर हॉल्ट पर रखा जाता है। दरअसल यहां से रेलवे को एक इंटरलोक हटाना है, जिसके लिए तकरीबन 3-4 साल से इंतजार हो रहा है। रेलवे के अनुसार बोरिवली के ईस्ट साइड में एक प्राइवेट प्रॉपर्टी हटाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन अब इस प्रॉपर्टी को बिना छेड़े रेलवे ने दूसरा सॉल्यूशन निकाल लिया है। नई योजना के तहत रेलवे को 1400 वर्गफुट जमीन की जरूरत है, जो बीएमसी देने के लिए तैयार हो गई है। इसके बदले रेलवे बीएमसी को इतनी ही जमीन देगी और इसकी भी इजाजत रेलवे बोर्ड द्वारा मिल चुकी है। इंटरलॉकिंग का काम सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद विरार से चर्चगेट की ओर जाने वाली ट्रेनों को प्लैटफॉर्म के बाहर हॉल्ट नहीं करना पड़ेगा।
 
सांताक्रुज से माहिम के बीच 5वीं लाइन बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। रेलवे के अनुसार इस हिस्से छोटे-मोटे टेक्निकल काम बाकी है। ये काम पूरा होने के बाद इस पांचवीं लाइन को पीक ऑवर्स में यूज किया जाएगा, जिससे सर्विस समय पर चलाने में काफी मदद मिलेगी। दरअसल पांचवीं लाइन पर भी एक गेट बंद करने का काम है, जिसके कारण रेलवे को विलंब हो रहा है, लेकिन इस काम के लिए भी उपाय ढूंढ लिया गया है और अब इस ट्रैक को भी जल्द ही उपयोग में लाया जाएगा।
 

सीएसटी से अंधेरी तक चलने वाली हार्बर लाइन सर्विस सितंबर तक गोरेगांव तक दौड़ेगी। इस काम को मुंबई रेलवे विकास कॉर्पोरेशन (एमआरवीसी) कर रही है। लेकिन इस से प्रॉजेक्ट में वेस्टर्न रेलवे को अतिरिक्त लाइन मिलेगी, जिस पर धीमी गति की सर्विस को डायवर्ट किया जाएगा। फिलहाल धीमी गति के सर्विस को फास्ट लाइन पर चलाया जाता है, लेकिन इसके कारण दोनों दिशाओं में सेवाएं प्रभावित हो रही है। वेस्टर्न रेलवे को पीक ओवर्स में तकरीबन 10-15 मिनट वास्तविक वक्त से पिछड़ना पड़ रहा है। पिछले कुछ वर्षों में सर्विस की संख्या बढ़कर 1305 कर दी गई है, लंबी दूरी की गाड़ियों का ट्रैफिक भी बढ़ चुका है, लेकिन ट्रैक की स्थिति वही है। इस तरह बोझ बढ़ने के कारण कई स्टेशनों पर बोटल नेक बन चुके हैं, जहां रोजाना कई सर्विस को प्लैटफॉर्म तक भेजने के लिए इंतजार करना पड़ता है। 
'
 वेस्टर्न रेलवे पर उपनगरीय सेवाओं की पाबंदी सुधारने के लिए कुछ मुख्य काम शुरू हो चुके हैं। इसके अलावाअंधेरी में एक बड़ा काम होना बाकी है , जिसे पूरा होने में तकरीबन 2 साल लगेंगे। अंधेरी से बोरिवली की ओरजाने वाली सर्विस को जब फास्ट लाइन से स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाता है , तब उन्हें 15 किमी प्रति घंटाकी गति से चलाना पड़ता है। हम चाहते हैं कि इस गति को बढ़ाकर 30 किमी प्रति घंटा कर दिया जाए। इसकेलिए ट्रैक पर इंटरलॉक और रीले का काम करना है , जिसमें तकरीबन दो साल का वक्त लग सकता है। ' 

Monday, May 19, 2014

सीएम ऑफिस से कोई जवाब नहीं मिल रहा है।

दिवा-सावंतवाड़ी पैसेंजर ट्रेन हादसे के बाद गुरुवार को सीआरएस जांच शुरू हुई, जिसमें हादसे के चश्मदीद लोगों को बुलाया गया। इसी बीच रेलवे और राज्य सरकार के बीच आपातकालीन स्थिति में समन्वय की कमी भी खुलकर सामने आई, जहां सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक सुनील कुमार सूद ने एक अखबार को स्टेटमेंट देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण से पिछले 6 माह से परेशानियों पर बात करने के लिए वक्त मांग रहे हैं, लेकिन सीएम ऑफिस से कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
रेलवे की तथाकथित परेशानियों में आपातकालीन स्थितियों में राज्यों के अस्पतालों की व्यवस्था और सड़कों के हालात पर फोकस किया जाना था, इसके अलावा संसाधनों की कमी से जूझ रही रेलवे को किस तरह राज्य सरकार की मदद से उबारा जाए, इस पर चर्चा की जानी थी।

4 मई को नागोठाणे और रोहा के बीच हुई दुर्घटना के तकरीबन 2 घंटे बाद रेलवे की ऐक्सिडेंट रिलीफ मेडिकल वैन (एआरएमवी) घटनास्थल पर पहुंची थी। सेंट्रल रेलवे के पूरे मुंबई डिविजन में केवल एक एआरएमवी है, जो कि कल्याण स्टेशन पर स्थित है। सेंट्रल रेलवे के एक अधिकारी ने पहचान छुपाने की शर्त पर कहा, 'पूरे मुंबई डिविजन में एक एआरएमवी है, जो कि कल्याण स्थित है और 4 मई के दुर्घटना स्थल के सबसे नजदीक वही थी, उसे भी पहुंचने में 2 घंटे लग गए।
इसके अलावा लोनावाला, पुणे और इगतपुरी में एक-एक एआरएमवी उपलब्ध है। आपातकालीन स्थितियों में सड़कों की हालत देखते हुए सबसे जल्दी मेडिकल हेल्प पहुंचाने के लिए केवल एआरएमवी ही एक विकल्प बच जाता है, लेकिन इसकी संख्या बढ़ाने पर ही इसका सही लाभ मिल पाएगा।'
हादसे वाले दिन कल्याण पर मौजूद एआरएमवी हादसे के तकरीबन 40 मिनट बाद चली थी, कंट्रोल रूम से देरी से मिले संदेश को इसका कारण बताया जा रहा है।
'यदि रेलवे द्वारा एआरएमवी को प्रति सौ किलोमीटर के दायरे में भी लगा दिया जाए तो मेडिकल वैन के संचालन के लिए डॉक्टरों की जरूरत होगी, जिन्हें रखने के लिए आवास और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करानी होगी।'
 

Thursday, May 15, 2014

मालगाड़ी के 13 डिब्बे और 2 इंजन पुल से गिर गए

छत्तीसगढ़ में संदिग्ध नक्सली वारदात में मालगाड़ी के 13 डिब्बे और 2 इंजन पुल से गिर गए। पुलिस को शक है कि बस्तर जिले में कातलूर व कुमारसोडरा स्टेशन के बीच नक्सलियों ने रेल पुल की फिश प्लेट खोल दी होगी। इस कारण बुधवार सुबह 5 बजे मालगाड़ी के 13 डिब्बे और दो इंजन पुल के नीचे गिर गए। इस घटना से रेल ट्रैफिक रुक गया। 
इस मालगाड़ी से एनएमडीसी का लौह अयस्क ढोया जा रहा था, जिसमें अब रुकावट आ गई है। हालांकि घटना के समय यह मालगाड़ी खाली थी और विशाखापत्तनम से किरणदूल जा रही थी। हालांकि हादसे में किसी को चोट आने की जानकारी नहीं है। घटनास्थल पर पुलिस दल के साथ रिपेयरिंग स्टाफ को भेजा गया है। एक रेल अधिकारी के मुताबिक, रेलवे का जंबो रैक नक्सली गतिविधियों की जद में आ गया। मालगाड़ी में 118 डिब्बे और 6 इंजन लगे थे। बस्तर के एसपी का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही घटना की सही वजह सामने आ पाएगी।
 
इससे पहले 29 मार्च को नक्सलियों ने इसी रेल खंड के कमलूर और दंतेवाड़ा स्टेशनों के बीच रेल पटरी उखाड़कर एक मालगाड़ी को पुल के नीचे गिरा दिया था। महज डेढ़ माह के भीतर नक्सलियों ने दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम देकर रेलवे को भारी नुकसान पहुंचाया है।
 

स्टेशन पर पानी नहीं

मुंबई जैसे इंटरनैशनल शहर में अत्याधुनिक मेट्रो ट्रेन के मुसाफिरों को मेट्रो स्टेशनों पर न पीने का नसीब है और न ही टॉइलेट्स। लगभग 80 सीढ़ी चढ़कर ऊपर पहुंचने के बाद मोनो स्टेशन पर लगा वॉटर कूलर पानी न पीने की हिदायत वाला पेपर चिपकाए मुंह चिढ़ा रहा है। इन स्टेशन्स पर सामान्य यात्रियों के लिए टॉइलेट ना होने से भी काफी परेशानी हो रही है। मोनो के रेकॉर्ड के मुताबिक रोजाना 2000 से 3000 लोग मोनो रेल से सफर करते हैं। अलावा इसके मोनो रेल स्टेशनों पर काम करने वाले 500 सुरक्षारक्षक भी रोज बिना इन आवश्यक नागरिक सुविधाओं के ड्यूटी कर रहे हैं।
चेंबूर स्टेशन पर तैनात एक अधिकारी ने बताया कि बीएमसी की तरफ से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है जिसकी वजह से पीने का पानी तो छोड़िए टॉइलेट्स में भी पानी नहीं आ रहा। इस हालत में मोनो रेल की कर्मचारियों को भी बिना पानी के टॉइलेट्स यूज करना पड़ रहा है।
इस मामले में बीएमसी की तरफ से चीफ हायड्रोलिक्स इंजिनियर रमेश बांबले ने बताया कि मोनो रेल मैनेजमेंट की तरफ से उन्हें इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। जहिर दो सरकारी एजेंसियों के आपसी तालमेल का अभाव लोगों के लिए परेशानी बनकर उभरा है।
मोनो रेल के 7 स्टेशन पर काफी संख्या में स्टाफ मौजूद हैं। इनमें महाराष्ट्र सुरक्षा बल, स्कॉमी और अन्य प्राइवेट सुरक्षाकर्मी को मिलाकर हर स्टेशन पर लगभग 100 का स्टाफ हैं। इनमें से बड़ी संख्या में सिक्युरिटी के लोग शामिल हैं। गर्मी के मौसम में बिना पानी के काम कर रहे इन स्टाफ को काफी दिक्कतें हो रही हैं, जबकि मोनो रेल में यात्रा करने वाले यात्रियों को बेसिक सुविधाओं से भी महरूम होना पड़ रहा है। एमएमआरडीए ने मोनो रेल की टाइमिंग बढ़ाकर सुबह 6 से रात 8 बजे तक कर दी है। ऐसे में यात्रियों को लुभाने की कोशिश में लगी एमएमआरडीए लोगों की सुविधाओं पर ध्यान नहीं दे रही है।
मोनो रेल पर मौजूद टॉइलेट केवल गर्भवती महिलाओं के साथ डायबिटिक पेशेंट के लिए हैं। यदि आम लोगों को जरूरत पड़े तो ना जाने वो कहां जाएं, यह तो एमएमआरडीए ही बता सकती है। एक अधिकारी के अनुसार, हमारे लिए भी जो टॉइलेट हैं, उसमें भी पानी नहीं है।
देश की पहली मोनो रेल पहले से ही घाटे में चल रही है। फिलहाल इसका पहला फेज ही चालू किया गया है। मोनो स्टेशन तक पहुंचने में लोगों को कनेक्टिविटी की काफी दिक्कत होती है। अभी फिलहाल जिस रूट पर मोनो चल रही है, उस पर ज्यादा तर तो लोग घूमने के लिए ही यात्रा कर रहे हैं।
वॉटर कूलर बंद पड़ा है।
यात्री -अरे भाई, पानी पीना है। यहां तो पानी नहीं है। बच्चे परेशान हैं।
कर्मचारी -तो हम क्या करें। पानी साथ लेकर आना चाहिए। जाकर बाहर से पी लो।
यात्री -बच्चे परेशान हैं। टॉइलेट की सुविधा भी नहीं है।
कर्मचारी -इसके लिए हम कुछ नहीं कर सकते। सारे स्टेशन पर पानी नहीं है। जाकर चेंबूर में देख लो, होगा तो मिल जाएगा।
यात्री -भाई साहब, पानी नहीं है। काफी दिक्कत हो रही है।
कर्मचारी -अरे यार, आपको कहां से मिलेगा, हमें तो मिल ही नहीं रहा है। बीएमसी पानी नहीं दे रही है। हम लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है। टॉइलेट तक में पानी नहीं है।
हमें अभी तक पानी ना मिलने की कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि ऐसी कोई शिकायत आएगी, तो हम उस पर कार्रवाई करेंगे।
हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। यदि ऐसा कुछ है तो उसे हल किया जाएगा।
पानी क्यों नहीं आ रहा है, यह हम देख रहे हैं। टॉइलेट तो नहीं है। हां, इमर्जेंसी में लोग स्टाफ टॉइलेट्स का उपयोग कर सकते हैं।

Monday, May 12, 2014

कई महीने से अपराधी लूटपाट, स्नेचिंग और लूट के लिए हत्या की वारदात को अंजाम दे रहे थे

हिसार रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों, रेल कर्मचारियों और राहगीरों को लूटने की 25 वारदात को अंजाम देने वाले गैंग के सरगना और उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिछले कई महीने से अपराधी लूटपाट, स्नेचिंग और लूट के लिए हत्या की वारदात को अंजाम दे रहे थे। 4 महीने में लूटपाट और छीना-झपटी की 25 से अधिक वारदात हुई हैं। इन दोनों आरोपियों को हिसार रेलवे स्टेशन पर 4 मई को ईश्वर नामक एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया। 
पुलिस ने जब इन दोनों अपराधियों से पूछताछ की तो दोनों ने पिछले 4 महीनों में 25 से अधिक वारदात कबूल कर ली। अरेस्ट किए गए दोनों आरोपियों के नाम पंकज और सूरज हैं 
आरोपियों ने बताया कि रात को रेलवे रोड पर अकेले किसी रेलवे कर्मी या राहगीर से वारदात की जाती थी। लूटपाट के बाद सभी अपने-अपने घर चले जाते थे। सुबह सभी रेलवे स्टेशन परिसर में तफरी करते थे। किसी को यह अनुमान नहीं था कि यही युवक रात को वारदात करते रहे हैं। कहने को पंकज एक परचून की दुकान पर काम करता था और सूरज बाजार में नौकरी करता था, पर 4-5 महीने में वह गिरोह बनाकर वारदात करने में सक्रिय हो गए। 
डीएसपी ने बताया कि घटना के दिन मीरान ढाणी का ईश्वर उर्फ इस्सर रेलवे स्टेशन पर टहलने आया था। पंकज ने उससे बीड़ी मांगी। जिस पर ईश्वर झल्ला गया। पंकज ने उसे भड़कने से रोका तो मामूली झगड़ा हो गया। ईश्वर का पीछा करते पंकज और सूरज बाहर रेलवे रोड पर आ गए। वहां पंकज ने चाकू निकाल कर ईश्वर के पेट में घोंप दिया। गले पर घूंसा मारते हुए चाकू हाथ में होने के कारण गला कट गया। दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। 
पंकज व सूरज ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद वे घर चले गए थे। अगले दिन सुबह 9 बजे स्टेशन पर पहुंचे तो पता चला कि रात को उक्त व्यक्ति की मौत हो गई। पता चलते ही दोनों ने 5-6 हजार रुपये उधार लिए और भिवानी होते हुए दिल्ली चले गए। मोबाइल ट्रेस करते हुए पुलिस की टीम ने हिसार स्टेशन पर दोनों को दबोच लिया गया।