Tuesday, November 30, 2010

रेलवे फाटक पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रही

कई हादसों में हुई मौतों के बाद विक्रोली रेलवे फाटक पर रोड ओवर ब्रिज बनाने की गतिविधि तेज हो गई है। गुरुवार को बीएमसी और रेल अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। पर इससे पहले ब्रिज बनाने की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। विक्रोली रेलवे फाटक पर ब्रिज बनाने की पहल सालों पहले की गई थी, मगर बाबुओं के टेबल पर फाइलें घूमती रही, ब्रिज बना नहीं। मुंबई महानगर विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने एमयूटीपी योजना के अंतर्गत रोड ओवर ब्रिज बनाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया था। उसके लिए प्राधिकरण ने सलाहकार भी नियुक्त कर दिया था, पर 2008 तक ब्रिज का कोई अता-पता ही नहीं चला। इधर, रेलवे फाटक पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रही, जिससे लोग मरते रहे, घायल होते रहे। मगर बाबुओं के ब्रिज फाइलों में घूमती रही और जब मुंबई महानगर विकास प्राधिकरण ब्रिज बनाने में नाकाम रहा, तब उसने 2008-09 में ब्रिज बनाने की जिम्मेदारी मुंबई महानगर पालिका के कंघे पर डाल दी। कर्मचारियों और अधिकारियों की कमी से जूझ रहे बीएमसी के ब्रिज विभाग ने ब्रिज बनाने की रूपरेखा तय की। ब्रिज की कुल लंबाई लगभग 390 मीटर निश्चित की गई जिसमें से करीब 64 मीटर रेल महकमा बनाएगा। यह वह हिस्सा होगा, जो रेल पटरियों के ऊपर से गुजरेगा। रोड ओवर ब्रिज की चौड़ाई करीब 60 फिट होगी। बीएमसी ने सन 2009 में उस ब्रिज की कुल लागत 15 करोड़ लगाई थी। विक्रोली का रोड ओवर ब्रिज रेलवे स्टेशन के पश्चिम में लालबहादुर शास्त्री मार्ग से पूर्व में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे के करीब तक जाएगा। ब्रिज बनाने के दरमियान 34 दुकानों के साथ-साथ एक मंदिर प्रभावित हो रहा था। इससे पुनर्वास को लेकर ब्रिज का मामला लटका पड़ा था। उधर, रेलवे महकमा भी ब्रिज को लेकर किसी तरह की दिलचस्पी नहीं दिखा रहा था। जैसे तैसे दिन बीतते गए। विक्रोली रेल फाटक पर ब्रिज बनाने के बाबत महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के स्थानीय विधायक मंगेश सांगले ने पहल की। विक्रोली निवासियों ने बीएमसी कमिश्नर स्वाधीन क्षत्रिय से मुलाकात की। पिछले दिनों हुए हादसे के बाद एक बार फिर से धूल खा रही फाइलें साफ की जा रही हैं और बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इस बाबत बीएमसी कमिश्नर स्वाधीन क्षत्रिय ने बताया कि रेलवे ने ब्रिज बनाने के लिए हरी झंडी दे दी है। गुरुवार को होने वाली बैठक में इस बाबत कई और महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

Monday, November 22, 2010

आंदोलन कई मायनों में खुद यात्रियों को काफी परेशानी दे गया।

कहने को भले से ही रविवार को विक्रोली स्टेशन पर किया गया आंदोलन स्वत: प्रेरित रहा हो और इसकी भूमिका में रेल प्रशासन की इस स्टेशन के प्रति उपेक्षा रही हो, मगर इसका दूसरा सच यह भी है कि यह आंदोलन कई मायनों में खुद यात्रियों को काफी परेशानी दे गया। चूंकि रविवार बाकी दिनों से इतर अपने नाते-रिश्तेदारों के यहां अपने परिवार के साथ घूमने फिरने का दिन था, सो सभी लोग जब अपने घरों के बाहर अपने परिवार के साथ निकले थे तो उन्होंने सोचा नहीं था कि उनकी आज की यात्रा आंदोलन में चौपट हो जाएगी। एम. व्यंकटेशन जैसे ही कल्याण जाने के लिए अपना कूपन पंच कर 10 साल के बेटे के साथ प्लेटफॉर्म नं. 1 पर बढ़ीं तो उन्हें नारेबाजी की आवाज सुनाई दी। इससे पहले वो कुछ समझ पातीं, उन्होंने देखा कि दूसरे प्लेटफॉर्म पर कई लोग मोटरमैन की केबिन के ऊपर चढ़ गए हैं। रेल प्रशासन मुर्दाबाद के नारों और भीड़ के मनोविज्ञान ने श्रीमती व्यंकटेशन के शक को बहुत जल्द ही यकीन में बदल दिया। पहले तो एक घंटे तक उन्होंने इंतजार किया, फिर कोई रास्ता न सूझा तो उन्होंने टिकट खिड़की पर अपना कूपन (टिकट) रद्द कर पैसा वापस लेने का फैसला किया। उन्हें यहां भी निराशा ही हाथ लगी जब उन्हें टका सा जवाब मिला कि कूपन के पैसे वापस नहीं किए जाते। इस संवाददाता के माध्यम से उन्होंने रेलवे से सवाल पूछा कि ऐसी सूरत में रेलवे टिकट के रिफंड की व्यवस्था क्यों नहीं करती। दरअसल, ऐसे आंदोलनों का असली साइड इफेक्ट ऐसा ही होता है। रविवार की अपराह्न जब लोगों को समझा-बुझाकर आंदोलन खत्म कराया गया तो इसका असर रेल सेवाओं पर पड़ा। लोकल ट्रेनों के ऑपरेशन में बंचिंग की समस्या आ गई और एक के पीछे एक लोकल की सर्पाकार लंबी लाइन लग गई। शाम सवा चार बजे विक्रोली से छूटी लोकल सीएसटी 6.30 बजे पहुंची। इस दरमियान हर स्टेशनों के बाहर लोगों का जमावड़ा लग गया। रिक्शा और टैक्सी वालों की बादशाहत दिखने लगी। बेस्ट की बसों पर ऐक्स्ट्रा बोझ आ गया। कईयों ने मीलों पटरियों पर ही अपना रास्ता पूरा किया। सबसे ज्यादा मुसीबत गर्भवती महिलाओं को हुई जिन्हें भीड़ से बचने का कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था। ट्रेन में फंसी ऐसी महिलाओं की मानों सांस ही अटक गई थी। आंदोलन का स्पॉट बने विक्रोली पर महिला यात्रियों को भारी भीड़ के बीच ईस्ट से वेस्ट आने और वेस्ट से ईस्ट जाने में मानो अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ा। हमारा सिस्टम ऐसे क्राइसिस मैनेजमेंट से निबटने का आदी नहीं है, सो रविवार को भीड़ का 'जंगलराज' देखा गया। ऐसे आंदोलन में नेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यही सिलसिला रविवार को भी देखा गया। घाटकोपर से मनसे विधायक राम कदम तो ट्रैक के बीचोबीच बैठकर अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी करने लगे। खबर लगते एनसीपी के स्थानीय सांसद संजय दीना पाटील पहुंचे तो स्थानीय नगरसेवक ताउजी गोरुले भी अपने दल-बल के साथ आंदोलनकारियों का नेतृत्व करते दिखे। वादे बंद करो, काम चालू करो हाल ही में मध्य रेल के एनआरयूसीसी मेंबर चुने गए रेल कार्यकर्ता सुभाष गुप्ता कहते हैं कि विक्रोली के इस जनांदोलन को एक 'वेक-कप कॉल' के तौर पर लिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अभी हाल में संपन्न जेडआरयूसीसी की मीटिंग में मैनें इस स्टेशन की बदहाली का मुद्दा उठाया था जिस पर ध्यान देते हुए जीएम ने इस स्टेशन पर विशेष नजर रखने का आश्वासन दिया था। रेलवे बोर्ड को जनता की परेशानियों को पहुंचाने वाले श्री गुप्ता का सुझाव था कि अब वक्त आ गया है कि रेलवे वादे करना बंद करे और काम करना चालू करे। वादे बंद करने और काम चालू करने का ही नारा इससे पहले घंटो विक्रोली स्टेशन पर लगाया गया था।

Friday, November 19, 2010

मध्य रेल की मेन लाइन पर चलने वाली सभी उपनगरीय लोकल ट्रेनें 12 डिब्बों वाली

अगले एक वर्ष में मध्य रेल की मेन लाइन पर चलने वाली सभी उपनगरीय लोकल ट्रेनें 12 डिब्बों वाली हो जाएंगी। यह बदलाव जून, 2011 से शुरू होकर दिसंबर, 2011 तक चलेगा। इससे अगले साल के अंत तक मेन लाइन की लोकलों में डिब्बों की संख्या बढ़कर 342 हो जाएगी, जिससे 102600 यात्रियों को राहत होगी। यह बातें मध्य रेल के महाप्रबंधक कुलभूषण ने शुक्रवार को मुंबई सीएसटी स्थित मध्य रेल के मुख्यालय में अपनी पहली प्रेंस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताईं। इस कॉन्फ्रेंस में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) के. के. शर्मा के अलावा अन्य विभागों के प्रमुख भी मौजूद थे। कुलभूषण ने बताया कि उनकी प्राथमिकताओं में गाड़ियों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करना, उपनगरीय सेवाओं व उनकी समय सारणी में सुधार लाना, वहन क्षमता में बढ़ोतरी करना, यात्री सुख-सुविधा एवं स्वच्छता को बेहतर करना, यात्रा सुलभ कराना, चालू परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करना आदि शामिल है। उनके मुताबिक दिसंबर, 2010 के अंतिम हफ्ते से कल्याण से सीएसटी के लिए सुबह 8.03 बजे छूटने वाली लेडीज स्पेशल लोकल 9 की बजाय 12 डिब्बों वाली हो जाएगी। इससे रोजाना 900 महिला यात्रियों को राहत मिलेगी। इसके अलावा एमयूटीपी-2 के तहत मध्य रेल की हार्बर लाइन पर 12 डिब्बे की गाडि़यां चलाने का भी प्रस्ताव है, जो रेलवे बोर्ड के पास विचाराधीन है। कुलभूषण के मुताबिक दिसंबर के पहले हफ्ते में ट्रांस हार्बर लाइन पर 208 लोकल ट्रेनों में से 126 को 9 से बढ़ाकर 12 डिब्बों का कर दिया जाएगा। इससे इस रूट पर रोजाना चलने वाले डिब्बों की संख्या 1872 से बढ़कर 2250 हो जाएगी। ट्रांस हार्बर रूट पर औसतन 300 यात्री प्रति बोगी का लोड स्वीकारते हुए उन्होंने कहा कि यहां 9 की जगह 12 डिब्बों की लोकल चलने से 113400 यात्रियों को राहत मिलेगी। दिसंबर के अंतिम सप्ताह से वडाला-वाशी/बेलापुर/पनवेल के बीच नई सेवाओं का शुभारंभ मध्य रेल द्वारा दिसंबर के अंतिम सप्ताह से हार्बर लाइन पर वडाला-वाशी/बेलापुर/पनवेल के बीच 14 अतिरिक्त नई सेवाएं शुरू की जाएगी। इससे हार्बर लाइन पर सेवाओं की संख्या 566 से बढ़कर 580 हो जाएगी और डिब्बों की संख्या प्रतिदिन 5094 से बढ़कर 5220 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि उपनगरीय क्षेत्रों में चल रहे मध्य रेल की परियोजनाओं जैसे नई लाइनों का निर्माण, डी.सी./ए.सी. परिवर्तन का कार्य, गाड़ी प्रबंधन प्रणाली, लोकमान्य तिलक टर्मिनस के नए भवन एवं विश्वस्तरीय स्टेशन परियोजनाओं को महत्व देते हुए शीघ्र पूरे करने के प्रयास किए जाएंगे। लोग पटरी पार न करें, इसलिए उन्होंने विक्रोली स्टेशन के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस छोर पर एक नया फुट ओवर ब्रिज का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की बात कही। विक्रोली रेलवे क्रासिंग गेट पर रेल सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती के साथ-साथ गैर रेल यात्रियों को भी पूर्व से पश्चिम जाने के लिए फुट ओवर ब्रिज के इस्तेमाल की अनुमति होगी। एमएमआरडीए के सहयोग से ठाणे स्टेशन पर दो फुट ओवर ब्रिज/ स्काई वाक बनाने की भी तैयारी है। इसके अलावा दिवा और कोपर के फुट ओवर ब्रिज के विस्तार की भी कोशिशें हैं।

Wednesday, November 17, 2010

'रेल दर्पण' के दो अवॉर्ड तथा 54वें रेल सप्ताह प्रदर्शनी पुरस्कार सहित कुल तीन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार

एसोसिएशन ऑफ बिजनेस कम्युनिकेटर्स ऑ.फ इंडिया (एबीसीआई) के 50वें वार्षिक पुरस्कारों में पश्चिम रेलवे की गृह पत्रिका 'रेल दर्पण' के दो अवॉर्ड तथा 54वें रेल सप्ताह प्रदर्शनी पुरस्कार सहित कुल तीन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए। पुरस्कार वितरण समारोह में विशेष अतिथि व पश्चिम रेल के महाप्रबंधक रवींदनाथ वर्मा ने 'रेल दर्पण' के प्रधान संपादक और पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शरत चंदायन और उनकी टीम को बधाई दी। ये पुरस्कार एबीसीआई द्वारा नैशनल लेवल पर व्यावसायिक संचार के क्षेत्र में रचनात्मकता के लिए दिए जाते हैं। कॉर्पोरेट जगत के साथ पश्चिम रेलवे अकेला संगठन है, जिसने लगातार आठवें साल ये अवार्ड हासिल किए हैं। तीनों पुरस्कार पश्चिम रेलवे के मुख्य माल परिवहन प्रबंधक एवं 'रेल दर्पण' के पूर्व प्रधान संपादक शैलेंद्र कुमार ने पत्रिका के संपादकीय टीम के सदस्यों गजानन महतपुरकर, सी. नितिन कुमार डेविड, होरमज मोहता, जितेंद्र कुमार जयंत, प्रदीप शर्मा, अजय सोलंकी, स्मिता रोजारियो, अनुभव सक्सेना, सुनील सिंह, प्रमोद कुमार, राजेश शिंदे, मिलिंद नंदेश्वर के साथ हासिल किया। पुरस्कारों में 'रेल दर्पण' को विशेष स्तंभ अंग्रेजी एवं हिंदी की कोटियोें में मिले पुरस्कार शामिल हैं। 'रेल दर्पण' के अलावा पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार विभिन्न लोकप्रिय रेडियो जिंगलों एवं कैलेंडरों को भी पूर्व में एबीसीआई पुरस्कार मिल चुके हैं। इस बार एबीसीआई पुरस्कारों के लिए 32 विविध कोटियों में कुल 875 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिनमें करीब 160 पुरस्कार बांटे गए।

Thursday, November 11, 2010

मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर गए।

यूपी के वाराणसी जिले में बुधवार को एक मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना वाराणसी रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह उस समय हुई जब कोयले से लदी मालगाड़ी को स्टेशन के यार्ड की तरफ ले जाया जा रहा था, तभी उसके चार डिब्बे पटरी से उतर गए। झारखंड से आने वाली इस मालगाड़ी को लखनऊ की तरफ जाना था। वाराणसी के राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अधिकारी अनिल राय ने बताया कि हादसे में 50 मीटर से ज्यादा पटरी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। रेल कर्मचारी मरम्मत के काम में लग गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसा यार्ड में हुआ इसिलए रेल यातायात खास प्रभावित नहीं हुआ है। राय ने कहा कि हादसे के कारण फिलहाल साफ नहीं हो पाए हैं। घटना की जांच की जा रही है।

मत्स्यगंधा एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बे पर हेरावाड़ के निकट चट्टान गिर जाने से एक महिला की मौत हो गई

मुंबई जा रही मत्स्यगंधा एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बे पर हेरावाड़ के निकट चट्टान गिर जाने से एक महिला की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के हवाले से पणजी से मिली रिपोर्ट में बताया गया है कि दुर्घटना कारवाड़ स्टेशन के निकट रात 8 बजे हुई। यह घटना उस वक्त हुई जब कोंकण मार्ग पर ट्रेन तोदुर और अंबडाडेल्ली गांवों के बीच सुरंग में प्रवेश करने वाली थी। क्षेत्र में लगातार वर्षा के कारण नजदीकी पहाड़ी से एक चट्टान आकर इस ट्रेन के तीन डिब्बों पर गिरी। कारवाड़ के एसपी रमन गुप्ता ने कहा कि गंभीर रूप से घायलों को कारवाड़ के पतंजलि अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि शेष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मार्ग पर ट्रेन सेवाएं सस्पेंड कर दी गई हैं।